यूपी चुनाव 2022 : पूर्वांचल के जिलों में यूपी विधानसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण के लिए सभी दलों के दिग्गजों ने पूरी जोर लगा दी है, प्रदेश में छह चरण का चुनाव हो चुका है। विधानसभा चुनाव में अब सातवें चरण की 54 सीटों पर चुनाव होना है। नौ जिले की इन सीटों पर चुनाव प्रचार के लिए सिर्फ दो दिन का वक्त है। सातवें और अंतिम चरण में हर उम्मीदवार सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बाद पूर्व सांसद डिंपल यादव और राज्यसभा सदस्य जया बच्चन का कार्यक्रम मांग रहे हैं।
इनके अलावा प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव, सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर और स्वामी प्रसाद मौर्य की भी डिमांड बनी हुई है। सुरक्षित सीटों के साथ सामान्य सीटों पर भी पूर्व कैबिनेट मंत्री केके गौतम की मांग की जा रही है। हर उम्मीदवार अपने विधानसभा क्षेत्र में जनसभा कराने के लिए व्याकुल है। समाजवादी पार्टी ने स्टार प्रचारकों की सूची में सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव सहित अन्य नेताओं को शामिल किया है।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव एक दिन में चार से पांच जनसभा कर रहे हैं। प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव भी पूर्वांचल में डेरा डाले हैं। राज्यसभा सांसद जया बच्चन और पूर्व सांसद डिंपल यादव करीब छह विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार कर चुकी है। अब हर प्रत्याशी उनकी जनसभा के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रहा है। इसकी बड़ी वजह यह बताई जा रही है कि डिंपल और जया के जरिए महिला वोटरों को लामबंद किया जा सकता है।
इसी तरह पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य और ओम प्रकाश राजभर के लिए सभी सीटों पर डिमांड की गई है। ओम प्रकाश राजभर खुद सातवें चरण में शामिल जहूराबाद से मैदान में हैं, वह सातवें चरण की सीटों पर चुनाव प्रचार के लिए निकल लिए हैं। सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल जौनपुर, वाराणसी, मिर्जापुर में डटे हुए हैं।