आगरा : आगरा में राजस्थान के बसेड़ी निवासी कुख्यात बदमाश मुकेश ठाकुर इरादत नगर में केनरा बैंक में डकैती डालने के बाद फरार चल रहे मुकेश ठाकुर को पुलिस ने सोमवार तड़के मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। 50 हजार के इनामी कुख्यात को पुलिस ने रविवार देर रात गिरफ्तार कर लिया था।
मुकेश ठाकुर ने अपनी गैंग के साथ 15 फरवरी को थाना इरादत नगर क्षेत्र के खेड़िया स्थित केनरा बैंक में लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने उसके अन्य साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था लेकिन मुकेश ठाकुर फरार था। उस पर 50000 का इनाम घोषित किया गया था। आईजी नवीन अरोड़ा ने बताया वांछित बदमाश मुकेश ठाकुर को देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। उसने किसी को मारने की सुपारी ली थी। इसके लिए असलहा की व्यवस्था कर रहा था। पुलिस उसे असलहा बरामदगी के लिए ले गई।
सोमवार तड़के रायफल बरामदगी को ले जाते समय उसने पुलिस वालों को धक्का दिया और पिस्टल छीनकर भागने लगा। बदमाश ने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर टीम पर फायरिंग कर दी। इसी जवाबी कार्रवाई में मुकेश ठाकुर गोली लगने से घायल हो गया। एसएन मेडिकल कॉलेज में ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
