भारत जोड़ो यात्रा: कांग्रेस के भारत जोड़ो यात्रा के आज 16 दिन पूरे हो गए हैं यात्रा केरल से होकर गुजर रही है। भारत जोड़ो यात्रा ने 10 सितंबर को केरल में प्रवेश किया था। इस राज्य में यह यात्रा 450 किलोमीटर की दूरी तय करेगी, इस दौरान यह सात जिलों से होकर गुजरेगी और एक अक्टूबर को कर्नाटक में प्रवेश करेगी।
राहुल गांधी देश में महंगाई, बेरोजगारी आदि मुद्दों को लेकर भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं। इस बीच वह केंद्र सरकार पर भी जमकर बरस रहे हैं। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 17वें दिन फिर से शुरू हो गई। केरल के पेरम्बरा से शुरू हुई यह यात्रा आज सुबह के चरण में करीब 12 किमी की दूरी तय करेगी और अंबल्लूर जंक्शन पर समाप्त होगी। पेरम्बरा से शुरू हुई यात्रा में सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
इससे पहले शुक्रवार को इस यात्रा को विश्राम दिया गया था। सात सितंबर को यात्रा शुरू होने के बाद से यह दूसरा विश्राम दिवस था। इस दौरान यात्रा में शामिल लोगों के लिए चिकित्सा शिविर का आयोजजन किया गया था।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने ट्वीट किया, “एक दिन के आराम के बाद, भारत जोड़ो यात्रा का 17वां दिन त्रिशूर जिले के पेरम्बरा जंक्शन से आज सुबह करीब 6:35 बजे शुरू हुआ। यात्री आज सुबह 12 किमी पैदल चलेंगे।” गौरतलब है कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी और जम्मू-कश्मीर में समाप्त होगी। कांग्रेस 150 दिनों में 3,570 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।