दिल्ली: लोकसभा चुनाव से ठीक पहले अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी ने विपक्ष को सरकार पर हमलावर होने का मौका दे दिया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ये गिरफ्तारी एक नई जनक्रांति को जन्म देगी अब भाजपा की सत्ता दोबारा नहीं आने वाली है।
उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कहा कि
जो ख़ुद हैं शिकस्त के ख़ौफ़ में क़ैद
‘वो’ क्या करेंगे किसी और को क़ैद
भाजपा जानती है कि वो फिर दुबारा सत्ता में नहीं आनेवाली, इसी डर से वो चुनाव के समय, विपक्ष के नेताओं को किसी भी तरह से जनता से दूर करना चाहती है, गिरफ़्तारी तो बस बहाना है।
प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि चुनाव के चलते दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को इस तरह टारगेट करना एकदम गलत और असंवैधानिक है। राजनीति का स्तर इस तरह से गिराना न प्रधानमंत्री को शोभा देता है न उनकी सरकार को।
प्रियंका ने लिखा कि देश के विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज कर दिए गये हैं, तमाम राजनीतिक दलों और उनके नेताओं पर ईडी, सीबीआईI, आईटी का दिन रात दबाव है, एक मुख्यमंत्री जेल में डलवा दिए गए हैं, अब दूसरे मुख्यमंत्री को भी जेल ले जाने की तैयारी हो रही है। ऐसा शर्मनाक दृश्य भारत के स्वतंत्र इतिहास में पहली बार देखने को मिल रहा है।
वही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इस गिरफ्तारी पर कहा, रोज जीत का झूठा दंभ भरने वाली अहंकारी भाजपा विपक्ष को हर तरह से चुनाव के पहले गैर कानूनी तरीके से कमजोर करने की कोशिश कर रही है। अगर सच में जीत का भरोसा होता तो सांविधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करके विपक्षी पार्टियों के नेताओं को ठीक चुनाव से पहले निशाना नहीं बनाया जाता। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पार्टी का खाता फ्रीज नहीं किया जाता। सच यह है की भाजपा आने वाले चुनाव परिणाम से पहले ही डर गई है और बौखलाहट में विपक्ष के लिए हर तरह की मुश्किलें पैदा कर रही है। वक्त है बदलाव का!अबकी बार …सत्ता के बाहर!
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ़्तारी पर पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा हैै कि जो भाजपा में नहीं जाएंगे, वो जेल जाएंगे। तानाशाही चरम पर है। सनद रहे, अहंकार ईश्वर का भोजन है। हम सब तानाशाही के विरुद्ध एकजुट हैं।
बता दें कि आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तार पर कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। इस गिरफ़्तारी के खिलाफ रायपुर में आप का बड़ा प्रदर्शन होने जा रहा। अंबेडकर चौक पर पार्टी के कार्यकर्ता एकजुट होंगे। प्रदर्शन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से भी आप कार्यकर्ता शामिल होंगे।