India

कांग्रेस अध्यक्ष पद चुनाव: 17 अक्तूबर को होगा कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव, चुनाव के लिए 22 सितंबर को जारी होगी अधिसूचना

कांग्रेस अध्यक्ष पद चुनाव: पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद राहुल गांधी ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से सोनिया गांधी पार्टी के अंतरिम अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रही हैं, लेकिन अब सोनिया गांधी समेत कांग्रेस के ज्यादातर नेताओं की राय है कि 2024 के लोकसभा चुनाव को देखते हुए अध्यक्ष पद का चुनाव होना चाहिए। अब कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव 17 अक्टूबर को होगा। 19 अक्टूबर को मतगणना होगी।

जानकारी के मुताबिक, चुनाव के लिए 22 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी। कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 24 सितंबर से शुरू होगी। इसकी अंतिम तिथि 30 सितंबर तय की गई है। दरअसल, दिग्गज नेता गुलाम नबी आजाद के इस्तीफे के बाद कांग्रेस के भविष्य और उसके अगले अध्यक्ष पर उठ रहे सवालों के बीच रविवार को पार्टी की केंद्रीय कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक हुई। बैठक में कांग्रेस पार्टी के नए अध्यक्ष और पार्टी के अगले अध्यक्ष के चुनाव की तारीखों पर मंथन हुआ।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई नेताओं द्वारा सार्वजनिक रूप से राहुल गांधी से दोबारा कांग्रेस के अध्यक्ष बनने का आग्रह कर चुके हैं। कांग्रेस ने कुछ ही दिन पहले नए अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया को टाल दिया था। कांग्रेस ने पिछले साल अक्तूबर में घोषणा की थी कि पार्टी के नए अध्यक्ष का चुनाव इस साल 21 अगस्त से 20 सितंबर के बीच होगा।

सोनिया गांधी ने वर्चुअली रूप से शामिल होकर इस बैठक की अध्यक्षता की। उनके साथ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहे। गौरतलब है कि सोनिया गांधी इस समय मेडिकल चेकअप के लिए विदेश दौरे पर हैं और राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी उनके साथ हैं।

Most Popular

To Top