यूपी चुनाव 2022: 403 विधानसभा सीट वाले इस प्रदेश में चुनावी हलचलें तेज हो गई है। राजनीतिक बयानबाजी से नेता एक-दूसरे पर निशाना साध रहे। चुनावी वादों की भी बौछार होने लगी है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2022 में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी।
राजधानी लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने प्रदेश में अगले 25 वर्षों तक के लिए खाका खींच रखा है, तब तक सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की दाल नहीं गलने वाली है। प्रदेश में सपा, बसपा व कांग्रेस की जमीन खिसक गई है।
2019 की तरह 2022 में भी बुआ-भतीजा एक हो जाएं तो भी अखिलेश की खुशियों का खाता खुलने वाला नहीं है। केशव ने कहा कि विकास में सबसे बड़े अवरोधक मुख्यमंत्री के रूप में यदि किसी का नाम लिया जाएगा तो वह अखिलेश का होगा। सपा सरकार में प्रयागराज में कई चौराहों पर लुंगी छाप गुंडे सक्रिय रहते थे।
उन चौराहों से बहन बेटियों का निकलना मुश्किल होता था। लेकिन अब वहां परिस्थितियां बदली हैं। बेटियां सुरक्षित हैं। जनता में विश्वास बना है कि भाजपा सरकार में ही प्रदेश का भविष्य सुरक्षित है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उनके और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच बहुत ही मजबूत संबंध हैं, जो कभी टूट नहीं सकते।