









महराजगंज। जिले में मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत महिला सम्मान कार्यक्रम का आयोजन पुलिस लाइन सभागार में किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने चिकित्सा, शिक्षा, सामाजिक कार्य और पुलिस सेवा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
चिकित्सा क्षेत्र में डॉ. अनिता त्रिपाठी (एमडी आयुष, पीएचसी मिठौरा) और डॉ. अनिवेशिका श्रीवास्तव (गाइनोकोलॉजिस्ट, जिला चिकित्सालय) को महिलाओं के स्वास्थ्य जागरूकता और संवेदनशील गर्भवती महिलाओं के सफल उपचार के लिए सराहा गया। इसी क्रम में स्टाफ नर्स रिना सिंह, बचिता मौर्या और स्नेहलता यादव को मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
शिक्षा क्षेत्र से प्रधानाचार्य शशिकला सिंह और अनामिका पाण्डेय को छात्राओं की शिक्षा और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए सम्मान मिला। काउंसलर प्रियंका सिंह को घरेलू उत्पीड़न एवं वैवाहिक विवादों को सुलझाने और महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका के लिए सम्मानित किया गया।
सामाजिक कार्यों में चांदनी को पढ़ाई छोड़ चुकी बालिकाओं के पुनः नामांकन और महिला जागरूकता अभियान में योगदान हेतु सम्मान प्रदान किया गया।
पुलिस विभाग से थानाध्यक्ष महिला थाना सरोजनी वर्मा, उपनिरीक्षक सारिका सिंह और खुश्बू, महिला आरक्षी आरजू और दीक्षा सिंह समेत कई महिला पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था और मिशन शक्ति के तहत महिला जागरूकता एवं अपहृताओं की बरामदगी में विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मिशन शक्ति अभियान इसी दिशा में एक मजबूत कदम है, जिसका उद्देश्य समाज की प्रत्येक महिला को सुरक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है।
