टोहाना में डटे राकेश टिकैत: कल रात से थाने में धरना जारी, कहा- सारा मामला निपटा कर ही जाऊंगा

दो किसान नेताओं की रिहाई और पुलिस प्रशासन द्वारा एएसआई की शिकायत पर दर्ज केस रद्द करवाने की मांग को लेकर पिछले साढ़े 13 घंटे से सदर थाने में राकेश टिकैत सहित किसानों का धरना लगातार जारी है। किसान नेताओं का आरोप है कि फतेहाबाद के एसपी राजेश कुमार ने केस रद्द करने से इंकार कर दिया है। इसके बाद सुबह पांच बजे ही गांवों के गुरूद्वारों में मुनादी करवाकर किसानों को सदर थाने पहुंचने का आह्वान किया गया।

इसके बाद सुबह से ही सदर थाना टोहाना में किसानों की संख्या बढ़ने लगी है। राकेश टिकैत का कहना है कि अब टोहाना से सारा मामला निपटा कर ही जाएंगे, चाहे कितने दिन भी यहां बैठना पड़े। उनके साथ गुरनाम चढूनी, योगेंद्र यादव, जोगिंद्र नैन सहित संयुक्त किसान मोर्चा के कई नेता भी वहीं मौजूद है। हालांकि, अब विधायक देवेंद्र बबली मामले में किसानों की नाराजगी दूर हो चुकी है।

दो हजार से अधिक किसान पहुंचे टोहाना
दोनों किसान नेताओं को रिहा नहीं करने के कारण शनिवार को भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत, भाकियू के प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी, योगेंद्र यादव, युद्धवीर सिंह, जोगिंद्र नैन और संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य भी गिरफ्तारी देने टोहाना पहुंचे।

दो हजार से अधिक किसान भी टोहाना की अनाज मंडी में एकत्रित हुए। इसके बाद किसानों ने सदर थाने जाकर प्रदर्शन किया। यहां प्रशासन से बातचीत के बाद विधायक देवेंद्र बबली के साथ किसानों के प्रतिनिधिमंडल की वार्ता हुई। इस वार्ता के दौरान बबली ने खेद प्रकट किया।

देवेंद्र सिंह बबली किसानों पर दायर केस वापस लेने को कह रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *