राजस्व परिषद को दो महीने बाद नया अध्यक्ष मिल गया है। अपर मुख्य सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक मुकुल सिंघल को राजस्व परिषद का अध्यक्ष बनाया गया है। यह पद राजस्व परिषद के अध्यक्ष रहे दीपक त्रिवेदी का बीती 29 अप्रैल को कोरोना संक्रमण से निधन होने के कारण रिक्त था।
अपर मुख्य सचिव कृषि देवेश चतुर्वेदी को नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। रेणुका कुमार के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए कार्यमुक्त हो जाने के बाद अपर मुख्य सचिव पंचायती राज व ग्राम्य विकास मनोज कुमार सिंह को राजस्व विभाग का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। प्रमुख सचिव आवास दीपक कुमार को बेसिक शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। अपर मुख्य सचिव श्रम सुरेश चंद्रा को नियोजन व विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
बुधवार को वरिष्ठ आइएएस अधिकारी कुमार कमलेश के भारतीय प्रशासनिक सेवा से रिटायर होने पर उनके द्वारा बतौर अपर मुख्य सचिव संभाले जा रहे नियोजन, कार्यक्रम कार्यान्वयन तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभागों का अतिरिक्त प्रभार अपर मुख्य सचिव श्रम एवं सेवायोजन सुरेश चंद्रा संभालेंगे।