ब्लॉक प्रमुख चुनाव: पिता की अंतिम यात्रा में जा रहा बीडीसी, रास्ते से हो गया अगवा, कई घंटे बाद हुआ पिता का ‘संस्कार’

उत्तर प्रदेश में ब्लॉक प्रमुख चुनाव को लेकर घमासान मचा हुआ है। संतकबीर नगर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां बीडीसी सदस्य का शुक्रवार को दोपहर में उस समय अपहरण किया गया, जब वह अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहा था।

जानकारी के अनुसार, महुली क्षेत्र के ठाठर गांव निवासी अपहृत बीडीसी सदस्य के चाचा चंद्रभान यादव ने बताया कि उनके भाई मनिराम की मौत बृहस्पतिवार की रात में हो गई। शव को ट्रैक्टर-ट्रॉली से लेकर अंतिम संस्कार करने के लिए लोग बिड़हर घाट जा रहे थे। बिडहर घाट पर शव को ट्रॉली से उतारा ही जा रहा था कि सूचना मिली कि उसके बीडीसी सदस्य भतीजे अजय कुमार यादव का कठिनइया पुल पर चार लग्जरी गाड़ियों में सवार कुछ लोग कनपटी पर असलहा सटाकर कर अपहरण कर ले गए।  चंद्रभान का आरोप है कि भतीजा अजय कुमार यादव बीडीसी सदस्य है भाजपा से जुड़े लोगों ने उसका अपहरण कर लिया।

इसकी सूचना मिलने पर शव को घाट पर लेकर पहुंच चुके लोग शव के साथ धनघटा थाने पर लौट आए। लोग धनघटा-उमरिया बाजार मार्ग को जाम कर अपहृत बीडीसी सदस्य को छुड़ाने की मांग करने लगे। मृतक मनिराम यादव के तीन बेटों में से अजय कुमार यादव ही इस समय घर पर मौजूद है। दो लोग बाहर रहकर नौकरी करते हैं। चंद्रभान यादव ने बताया कि पुलिस जब तक अपहृत भतीजे अजय को वापस ला नहीं देगी, तब तक भाई के शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। शाम पौने छह बजे अपहरणकर्ताओं ने घाट पर ले जाकर सदस्य को छोड़ा। तब जाकर शव का अंतिम संस्कार हुआ।

भाजपा के जिलाध्यक्ष बद्री प्रसाद यादव ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को बदनाम करने के लिए अजय के अपहरण का आरोप लगाया जा रहा है। अजय का अपहरण विपक्षी दल के लोग ही किए होंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *