जानिए कौन हैं उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधायक दल की बैठक में हुआ फैसला

उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होंगे। भाजपा विधायक दल ने राज्य के ग्यारहवें मुख्यमंत्री के रूप में धामी को चुना। तीरथ सिंह रावत के इस्तीफा देने के बाद धामी को चुना गया है। धामी को केद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का करीबी माना जाता है। देहरादून स्थित भाजपा मुख्यालय में 57 विधायकों की बैठक में धामी के नाम पर मुहर लगाई गई। 45 वर्षीय धामी दो बार विधायक रह चुके हैं। खटीमा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। धामी उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी के विशेष अधिकारी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के के ऐसे मुख्यमंत्री होंगे जो कभी मंत्री नहीं बने हैं। धामी विधायक से सीधे मुख्यमंत्री तक की कुर्सी का सफर तय करेंगे।

शांत स्वभाव के धामी भगत सिंह कोश्यारी के करीबी माने जाते हौं और रजानाथ सिंह से भी उनके अच्छे संबंध हैं। धामी भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष समेत पार्टी में अन्य पदों पर कार्य कर चुके हैं और युवाओं में उनकी बेहतर पकड़ है। बता दें कि इससे पहले, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने राज्यपाल बेबी रानी मौर्या को अपना इस्तीफा सौंपा था। साथ ही मौका देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी आभार जताया है। इस्तीफे के लिए उन्होंने संवैधानिक संकट को कारण बताया था। तीरथ सिंह रावत मार्च में मुख्यमंत्री बने थे। उन्हें 10 सितंबर से पूर्व ही उप चुनाव में जीत के जरिये विधानसभा में पहुंचना था। हालांकि कोविड-19 महामारी के चलते उप चुनाव में देरी हो रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *