विवाद: उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू हाल ही में अरुणाचल प्रदेश के दौरे पर से लौटे थे। नायडू की इस यात्रा पर अब चीन ने आपत्ति जताई है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इसे लेकर कहा है कि सीमा से संबंधित मुद्दों पर हमारा रुख समान और स्पष्ट है।
उन्होंने कहा कि भारतीय पक्ष ने अरुणाचल प्रदेश की स्थापना अवैध तरीके से की है और चीन की सरकार इसे मान्यता नहीं देती है। चीन की इस टिप्पणी पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने पलटवार करते हुए उसके बयानों को खारिज किया है।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने बुधवार को चीन के इस बयान को खारिज करते हुए कहा कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न अंग है। हमारे नेता नियमित रूप से राज्य की यात्रा करते रहते हैं जैसा कि वह देश के अन्य राज्यों में भी करते हैं। मंत्रालय ने कहा कि एक भारतीय नेता की भारत के राज्य में यात्रा पर आपत्ति जताना तर्क से परे है और समझ से बाहर है।
मंत्रालय ने चीन को दो टूक उत्तर देते हुए कहा कि अरुणाचल प्रदेश भारत का हिस्सा है और कोई इस पर अपना दावा नहीं कर सकता।