जन्मदिन: आज बड़ा दिन यानि क्रिसमस है, जो मानवता में प्यार, सद्भावना और मानव कल्याण का संदेश देता है। साथ ही भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिन भी है, अटल बिहारी वाजपेयी एक ऐसे व्यक्ति है जिन्होंने जीवनभर अपनी मृदुलता, सरलता, प्यार से लोगों का दिल जीत कर ताउम्र देश की एकता और अखंडता के लिए कार्य किया।
उनकी इन्हीं विशेषताओं के चलते देश में आज का दिन सुशासन दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। भारत की राजनीति में ऐसे विरले व्यक्तित्व हुए हैं, जिन्होंने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सशक्त, समृद्ध और सुदृढ़ भारत के लिए कार्य किया। इनमें भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का नाम अग्रिम पंक्ति में है।
राजनीति में उनकी अपनी वैचारिक संबद्धता के बावजूद भी उनको अन्य पार्टी के लोग पसंद करते थे। वाजपेयी में एक अनूठा गुण यह था कि वह अपने प्रतिद्वंद्वियों की भी प्रशंसा करते थे। राष्ट्रीय हित के मामलों में वे अपनी आलोचना को भी विनम्रता से स्वीकार करने में सहृदय की भावना रखते थे। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने कहा था, वाजपेयी में देश का महान नेता बनने का गुण है, क्योंकि इनके लिए देश एक मंदिर के समान है।
बहुमुखी व्यक्तित्व, कवि, पत्रकार, राजनेता और न्याय, समानता और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के धनी वाजपेयी पूरी आत्मीयता से राष्ट्रवाद को समर्पित थे। वे कभी भी आदर्शात्मक राजनीतिक से विचलित नहीं हुए। वह एक सच्चे लोकतंत्रवादी और देशभक्त थे। राष्ट्रीयता और देशभक्ति की भावना उनमें कूट-कूट कर भरी हुई थी, जो बहुत ही प्रेरणादायक थी।