यूपी: अयोध्या कैंट से दिल्ली जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस में एक युवक की हालत बिगड़ गई। सांप के काटने के कारण उसके मुंह से झाग निकलने लगा। टीटीई की सूचना पर कंट्रोल के आदेश पर रात साढ़े 11 बजे ट्रेन को रोककर उपचार किया। यात्री को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां से उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया। उसके बाद ट्रेन रवाना कर दी गई।
14205 पद्मावत एक्सप्रेस के कोच एसी प्रथम श्रेणी में बर्थ नंबर 30 पर सोनू यात्रा कर रहे थे। वह ग्राम कादरखाना थाना खंडासा अयोध्या के रहने वाले हैं। सोनू दिल्ली में नौकरी करते हैं। वह रक्षाबंधन पर घर आए थे। छुट्टी खत्म होने के बाद अयोध्या से दिल्ली जा रहे थे। लखनऊ से निकलने के बाद सोनू को चक्कर आने लगे। यह देखकर पास में बैठे यात्री घबरा गए। इस बीच उसकी तबीयत बिगड़ना शुरू हो गई। सोनू के मुंह से झाग निकलने लगा। कोच के यात्रियों ने तुरंत ही टीटीई को सूचना दी। टीटीई ने कंट्रोल को ट्रेन में सांप काटने के कारण यात्री की हालत बिगड़ने की जानकारी दी।
कंट्रोल के आदेश पर गाड़ी को शाहजहांपुर के प्लेटफार्म नंबर तीन पर लिया गया। रेलवे के डॉ. राजेंद्र माथुर तुरंत प्लेटफार्म पर पहुंचे। ट्रेन के रुकते ही यात्री सोनू का इलाज शुरू किया गया। हालत में सुधार न होने पर उसे एंबुलेंस के जरिये राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां से उसे दिल्ली रेफर किया गया। यात्री के मुताबिक, उसे अयोध्या में सांप ने काट लिया था। उसने अपनी यात्रा जारी रखी। जहर का असर बढ़ने पर उसे चक्कर आना शुरू हो गए। यात्री को ट्रेन में सांप ने नहीं काटा। उसे अयोध्या में ही सांप ने काटा था। यात्री ने उपचार करने के बजाय अपनी यात्रा जारी रखी। जहर का असर होने पर तबीयत बिगड़ गई।