यूपी चुनाव 2022 : उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के छठे चरण का प्रचार मंगलवार को थम गया। मंगलवार को सभी प्रमुख दलों के दिग्गजों ने चुनाव वाले जिलों में प्रचार के अंतिम दिन अपना पूरा जोर लगाया। इस चरण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व आधा दर्जन मंत्रियों व इतने ही पूर्व मंत्रियों की किस्मत का फैसला होगा।
इस चरण में जिन जिलों में मतदान होना है उसमें बस्ती, संतकबीर नगर, सिद्धार्थनगर, देवरिया, गोरखपुर, अम्बेडकरनगर, बलिया, बलरामपुर, कुशीनगर और महाराजगंज शामिल हैं। इस चरण में 10 जिलों की 57 सीटों पर बृहस्पतिवार को वोट डाले जाएंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर में और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने महाराजगंज में जनसभा को संबोधित किया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बलिया और गोरखपुर में पार्टी के प्रत्याशियों के लिए प्रचार किया, शिवपाल यादव ने देवरिया में सपा के प्रत्याशी के लिए वोट मांगे, प्रियंका गांधी ने महाराजगंज में अपने प्रत्याशी के लिए जनसभा की। इस चरण में कई प्रमुख नेताओं की किस्मत का फैसला होगा।