यूपी चुनाव 2022: विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण का मतदान थोड़ी बहुत हिंसा के बीच रविवार को पूरा हो गया। 16 जिलों की 59 विधानसभा सीटों पर 61.61 फीसदी मतदान हुआ। इस दौरान कई जगहों पर समर्थकों के बीच झड़प देखने को मिली, मैनपुरी में सपा समर्थक ने भाजपा समर्थक के पेट में गोली मार दी। वहीं, फिरोजाबाद के जसराना में दोनों दलों के कार्यकर्ताओं में तीखी झड़प हुई। हाथरस में भाजयुमो जिला महामंत्री कृष्ण यादव की संदिग्ध हालत में गोली लगने से मौत हो गई।
मतदान के साथ ही सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, प्रसपा प्रमुख शिवपाल सिंह यादव, प्रदेश सरकार में मंत्री सतीश महाना, पुलिस सर्विस छोड़ कर राजनीति में आए असीम अरुण समेत 627 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई। सपा मुखिया अखिलेश यादव, शिवपाल यादव, केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल, राज्य सरकार में मंत्री सतीश महाना, रामनरेश अग्निहोत्री, पूर्व आईपीएस असीम अरुण, रामवीर उपाध्याय, कांग्रेस की लुईस खुर्शीद, मुलायम सिंह यादव, डिंपल यादव, रामगोपाल यादव, सलमान खुर्शीद, स्वतंत्र देव सिंह इन लोगों ने भी वोट डाला l पिछले विधानसभा चुनाव में इन सीटों पर 62.21% मतदान हुआ था।
मतदान का तुलनात्मक आंकड़ा प्रतिशत में
जनपद 2022 2017
औरय्या- 60.42 60.37
एटा- 65.70 64.61
इटावा- 58.33 60.03
फर्रुखाबाद- 59.13 59.77
फिरोजाबाद- 60.90 66.07
हमीरपुर- 60.56 63.35
हाथरस- 63.14 63.03
जालौन- 59.93 60.40
झांसी- 57.52 66.02
कन्नौज- 61.93 63.32
कानपुर देहात- 59.87 62.58
कानपुर नगर- 56.14 57.26
कासगंज- 63.04 62.66
ललितपुर- 69.05 72.01
महोबा- 64.56 65.99
मैनपुरी- 61.51 59.63
कुल- 61.35 62.21