यूपी : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश मे करीब एक करोड़ कॉलेज स्टूडेंट्स को फ्री मोबाइल फोन और टैबलेट बांटने की योजना बनाई है। हालांकि, अभी इस योजना पर काम चल रहा है। यूपी सरकार तकनीकी, चिकित्सा और नर्सिंग संस्थानों से ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएटर स्टूडेंट्स को फ्री टैबलेट और स्मार्टफोन देने की योजना बनाई है।
प्रदेश में युवाओं को मुफ्त टैबलेट और मोबाइल वितरण के लिए 4700 करोड़ रुपये का टेंडर खुला है। 2500 करोड़ रुपये में टैबलेट खरीदे जाएंगे। 2200 करोड़ की लागत से स्मार्टफोन की खरीद होगी। इसके लिए सैमसंग, लावा, विशटल व एसर जैसी बहुराष्ट्रीय कंपनियों ने टेंडर दाखिल किए हैं।
टेंडर किस कंपनी को मिलेगा, यह दिसंबर के पहले हफ्ते में पता चलेगा। यूपीडेस्को टेंडर हासिल करने वाली कंपनी को आपूर्ति का आदेश जारी करेगा। कंपनी को तीन महीने में टैबलेट व मोबाइल की आपूर्ति करनी होगी। प्रदेश में स्नातक व स्नातकोत्तर समेत अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत 68 लाख विद्यार्थियों को इसका वितरण किया जाना है।
यूपीडेस्को में सोमवार शाम ऑनलाइन निविदा खोली गई। आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार ने बताया कि टैबलेट के लिए विशटल (आईरिस), सैमसंग (विजन) और एसर (सेलकॉन) कंपनी ने टेंडर दाखिल किया है। वहीं, स्मार्टफोन के लिए लावा, सैमसंग (सेलकॉन) और सैमसंग (यूनाइटेड) ने टेंडर दाखिल किए हैं।
बृहस्पतिवार तक सभी फर्मों की तकनीकी निविदा की जांच करने के बाद अर्ह योग्य फर्मों की वित्तीय निविदा खोली जाएगी। दिसंबर के पहले सप्ताह तक वित्तीय निविदा निस्तारित कर चुनी गई फर्म को कार्य का आदेश जारी किया जाएगा। यूपीडेस्को के एमडी कुमार विनीत का दावा है कि टैबलेट और मोबाइल खरीद के लिए आईटी क्षेत्र में यह देश का सबसे बड़ा टेंडर है।
अपर मुख्य सचिव अरविंद ने बताया कि कंपनी को आदेश जारी होने की तारीख से तीन महीने की अवधि में टैबलेट व मोबाइल की आपूर्ति करनी होगी।