निर्देश: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आगामी पांच साल में हम दो करोड़ युवाओं को डिजिटल शक्ति से लैस करेंगे इसलिए युवाओं को निःशुल्क टैबलेट व स्मार्टफोन वितरण का कार्य सुचारू रखा जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि बिना भेदभाव हर छात्र-छात्रा को टैबलेट/स्मार्टफोन उपलब्ध कराया जाए। मुख्यमंत्री ने ये निर्देश टीम-9 के साथ बैठक में दिए।
बाढ़ एवं अन्य आपदाओं की स्थिति में स्थापित राहत कैम्पों में रहने वाली महिलाओं व किशोरियों को डिग्निटी किट उपलब्ध कराए जाएं। डिग्निटी किट में सैनेटरी पैड, साबुन, तौलिया, डिस्पोजे़बल बैग, बाल्टी, मास्क आदि शामिल हों।
स्वामित्व, घरौनी और वरासत जैसे कार्यक्रमों ने आमजनमानस को बड़ी सुविधा प्रदान करने में सफलता प्राप्त की है। इनकी अद्यतन स्थिति की समीक्षा की जाए। एक माह का विशेष अभियान चलाकर निर्विवाद वरासत के सभी मामलों में वरासत दर्ज कराएं। उत्तराधिकारियों को उनका हक यथाशीघ्र मिलना चाहिए। पैमाईश के लिये ई-फाइलिंग की व्यवस्था हो।
उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र में विश्वविद्यालय स्थापित करने के इच्छुक संस्थाओं को सरकार की ओर से सभी जरूरी सहयोग दिए जाएं। स्थापना संबंधी नियमों व अर्हताओं को यथासंभव सरल भी किया गया है। ऐसे प्रस्तावों को कतई लंबित न रखें।
किसानों को खाद और उन्नतशील बीज की सहज उपलब्धता कराई जाए। ऐसे प्रयास होने चाहिए कि एक वर्ष बीज ले जाने वाला किसान अगले वर्ष स्वयं बीज उपलब्ध कराने में सहायक बने। इससे बीज की उपलब्धता बढ़ेगी और उस किसान की आय में भी बढोतरी होगी। इस सम्बंध में किसानों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। यह सुनिश्चित किया जाए कि किसान हितैषी योजनाओं से एक भी पात्र किसान वंचित न रहे।