मिठौरा प्रभारी मणिकांत द्विवेदी की रिपोर्ट
सिन्दुरिया
सिंदुरिया प्रतिनिधि / महराजगंज: सिंदुरिया थाना क्षेत्र अन्तर्गत आने वाले शराब की दुकानों के बाहर जो भी दुकानें लगी हैं । उस पर शाम को शराब पीने वालों की भीड़ हो जा रही है । जिससे राहगीरों तथा महिलाओं को शाम के वक्त आने – जाने में काफी असुविधा हो रही है । शराब पीने वाले व्यक्ति शाम के समय महिलाओं को देखकर अभद्र टिप्पणी कर रहे हैं । साथ ही राहगीरों से उलझ जा रहे हैं । यह सारी दिक्कत शराब भट्ठी के बाहर स्थित दुकानों पर शराबियों के शाम के वक्त जमावड़े से हो रही है ।
जब कि शासनादेश है कि कोई भी व्यक्ति शराब भट्टी के नजदीक बैठकर शराब नहीं पी सकता । लेकिन इसका पालन नहीं किया जा रहा है । जिससे महिलाओं तथा राहगीरों को बेवजह परेशानी उठानी पड़ रही है । सूत्रों की मानें तो आस – पास के गाँवों में पान की दुकानों तथा किराना की दुकानों पर भी चोरी से शराब बेंची जा रही है । जो जाँच का विषय है । ऐसे में सुनीता , रमावती , कौशिल्या , रामचन्द्र यादव , नारद , रामानन्द , अवधेश , रामाश्रय आदि ने इस मामले में डीएम सत्येन्द्र कुमार से लिखित शिकायत करते हुए जाँच कराकर कार्रवाई की माँग किया है ।
इस सम्बन्ध में जिला आबकारी अधिकारी जितेंद्र पाण्डेय ने बताया कि यदि इस तरह की बात है तो यह बिल्कुल नियम विरुद्ध है ।
इस सम्बंध में सिंदुरिया थाने के अतिरिक्त निरीक्षक नासिर हुसैन ने बताया कि इस प्रकार की समस्या मेरे संज्ञान में नहीं है । इस मामले में जाँच कर विधिक कार्यवाही की जाएगी ।