महराजगंज, 23 अप्रैल 2026। नेपाल के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल स्वर्गद्वारी मंदिर जा रहे भारतीय तीर्थयात्रियों के साथ एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नेपाल के प्युठान जिले में स्वर्गद्वारी नगरपालिका-4 के टाकुरा क्षेत्र में एक माइक्रो जीप अनियंत्रित होकर करीब 85 मीटर गहरी खाई में गिर गई।
इस हादसे में 3 वर्षीय काब्या मौर्या की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल 30 वर्षीय निर्मला मौर्या ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जिला प्रहरी कार्यालय प्युठान के अनुसार, लु 1 ज 3175 नंबर की जीप भिंगरी से स्वर्गद्वारी की ओर जा रही थी, तभी चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और जीप सीधे खाई में जा गिरी।
हादसे में कुल 20 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत बुटवल स्थित लुम्बिनी सिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से 7 लोगों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज आईसीयू में चल रहा है।
घायल तीर्थयात्री उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के थाना भिटौली बाजार क्षेत्र के लक्ष्मीपुर शिवाला गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद स्थानीय पुलिस और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला।
इधर, महराजगंज प्रशासन ने भी तेजी दिखाते हुए एम्बुलेंस और एस्कॉर्ट टीम को नेपाल के लिए रवाना कर दिया है। साथ ही नेपाली प्रशासन और भारतीय दूतावास के साथ लगातार समन्वय बनाकर घायलों को हर संभव मदद और बेहतर इलाज मुहैया कराया जा रहा है।
स्थिति पर नजर रखने के लिए प्रशासनिक अधिकारी भी मौके के लिए रवाना हो चुके हैं, जबकि राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है।