मैनपुरी: उत्तर प्रदेश में चुनाव को लेकर पार्टियों का एक-दूसरे पर बयानबाजी से हमला तेज हो गया है। उत्तर प्रदेश राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। दिग्गज नेता अपने प्रत्याशियों के लिए घर-घर जाकर वोट मांग रहे हैं। बसपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सदस्य सतीश मिश्रा ने मंगलवार को मैनपुरी में बसपा प्रत्याशी गौरवनंद के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बसपा ही प्रदेश में कानून का राज दे सकती है।
सपा और भाजपा सरकारें प्रदेश में विकास नहीं करा सकी हैं। अपराधी दोनों सरकारों में खुलेआम घूमते रहे हैं। बसपा में समाज का हर वर्ग सुरक्षित रहा है। उन्होंने कहा कि सपा और भाजपा मिलकर वोटों का ध्रुवीकरण करते हैं। पांच साल में महिलाओं के साथ सबसे ज्यादा अपराध हुए हैं। एक जाति विशेष के लोगों के सबसे ज्यादा एनकाउंटर हुए हैं।
किसानों को जीप से कुचलने का षड़यंत्र रचने वाले केंद्र सरकार के मंत्री को एसआईटी की जांच में दोषी पाए जाने के बाद भी आज तक बर्खासत नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि बसपा ही प्रदेश में सुशासन दे सकती है। जनसभा में पूर्व मंत्री नकुल दुबे ने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव का मन बना चुकी है। बहुजन समाज ने हमेशा प्रदेश की सरकार बदली है। प्रदेश में समाज का हर वर्ग परेशान है। किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है।
बसपा नेता कपिल मिश्रा ने कहा कि युवाओं के लिए सपा और भाजपा सरकार ने कुछ नहीं किया है। युवा बेरोजगार है। भाजपा सरकार ने नौकरियां देने की बजाए छीनी हैं। मंच पर मैनपुरी से बसपा प्रत्याशी गौरव नंद मैनपुरी, किशनी से प्रभुदयाल, करहल से दीपक पेंटर करहल और भोगांव से प्रत्याशी अशोक चौहान भोगांव मौजूद रहे।
