महराजगंज के कोतवाली थाना क्षेत्र के बोकड़ा जंगल स्थित नाले में मायके से ससुराल जाते समय दर्दनाक हादसा हो गया। पनियरा थाना क्षेत्र के डिंगुरी गांव निवासी धर्मेंद्र ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी बहन पूनम (करीब 45 वर्ष) अपने सात साल के बेटे सोमनाथ और पांच साल की बेटी सुहानी के साथ मायके से ससुराल (बीट नर्सरी) जा रही थीं। इसी दौरान बोकड़ा जंगल के पास पैदल नाला पार करते वक्त अचानक तीनों पानी के तेज बहाव और गहराई में डूब गए।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य शुरू करते हुए तीनों के शवों को पानी से बाहर निकाला। पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार पूनम अपने बच्चों के साथ घरेलू सामान बोरे में रखकर पैदल नाला पार कर रही थीं, तभी यह हादसा हुआ। शवों पर किसी भी तरह की जाहिरा चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम कराया, जिसकी रिपोर्ट में मौत का कारण डूबना ही सामने आया है। इस दुखद घटना के बाद से पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना पर महराजगंज के पुलिस अधीक्षक श्री शक्ति मोहन अवस्थी ने अपनी बाइट में क्या कहा है, जानने के लिए आप उनका आधिकारिक बयान देख सकते हैं।