महराजगंज के समरधीरा चौराहे पर बुधवार रात दोस्तों के बीच पार्टी के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां पिस्टल से अचानक चली गोली लगने से जिसान हाशमी नाम के युवक की मौत हो गई। पुलिस ने नामजद आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, रात करीब साढ़े आठ बजे चौराहे पर स्थित एक अंडे की दुकान पर चार दोस्त बैठकर पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान जिसान के पास मौजूद एक पिस्टल और कारतूस को सभी दोस्त हाथ में लेकर देख रहे थे। तभी एक युवक ने पिस्टल में कारतूस लोड कर ट्रिगर दबाया, लेकिन गोली नहीं चली। इसके बाद जब दूसरे युवक ने पिस्टल अपने हाथ में लेकर ट्रिगर दबाया, तो अचानक फायर हो गया। गोली सीधे सामने बैठे जिसान के सिर में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद परिजन तुरंत उसे इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि घटना दोस्तों के बीच लापरवाही से हथियार का इस्तेमाल करने के दौरान हुई है। फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
