



महराजगंज जिले में आज विश्वकर्मा पूजा का पर्व पूरी आस्था और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर रिजर्व पुलिस लाइन की परिवहन शाखा में विधि-विधान से भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना और हवन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने मुख्य रूप से शामिल होकर पूरे विधि-विधान से हवन और पूजन किया। इसके बाद परंपरा के अनुसार उन्होंने शस्त्र पूजन भी संपन्न किया। पूजा के दौरान पुलिस लाइन के सभी सरकारी वाहनों और उपकरणों की भी पूरी श्रद्धा के साथ पूजा की गई, ताकि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था हमेशा सुचारू रूप से बनी रहे। इस धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन में अपर पुलिस अधीक्षक, सदर क्षेत्राधिकारी, निचलौल क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक और परिवहन शाखा प्रभारी सहित पुलिस विभाग के तमाम अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे, जिन्होंने पूरी श्रद्धा के साथ इस पूजन में अपनी सहभागिता निभाई।