लालू यादव पर शिकंजा : चारा घोटाला मामले में जमानत में चल रहे राजद सुप्रीमो लालू यादव की मुश्किले कम होने का नाम नही ले रही है, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पर एक बार फिर केंद्रीय जांच एजेंसी ने शिकंजा कस दिया है। उनसे जुड़े 17 ठिकानों पर सीबीआई छापेमारी कर रही है। CBI लालू यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी व बेटी के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। यह कार्रवाई बिहार के सीएम कार्यकाल के दौरान लालू प्रसाद यादव के कथित भ्रष्टाचार को लेकर की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक राजद प्रमुख लालू यादव और उनकी बेटी के खिलाफ भ्रष्टाचार का नया मामला दर्ज किया है। सीबीआई ने शुक्रवार सुबह एक साथ कार्रवाई शुरू की। सूत्रों के अनुसार लालू यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटी मीसा भारती के पटना, गोपालगंज और दिल्ली स्थित जगहों पर कार्रवाई की जा रही है। सूत्रों ने बताया कि राजद नेता के खिलाफ रेलवे भर्ती घोटाले को लेकर नया केस दर्ज किया गया है।
आरोप है कि संप्रग सरकार के जब लालू यादव रेल मंत्री थे, तब नौकरी लगवाने के बदले में आवेदकों से जमीन और प्लॉट लिए गए थे। सीबीआई ने इस मामले में जांच के बाद लालू और उनकी बेटी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। लालू प्रसाद यादव 2004 से 2009 के बीच तत्कालीन संप्रग सरकार में रेलमंत्री थे। जब वह रेल मंत्री थे, जब ऐसे कई मामले सामने आए थे कि नौकरी के बदले जमीन दी गई थी।सीबीआई की छापा के दौरान सीबीआई ने किसी के भी आने जाने पर रोक लगा दी है। बताया जा रहा है कि सीबीआई की इस रेड में महिला और पुरुष अधिकारी दोनों ही शामिल हैं।