आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना पुलिस को शनिवार की सुबह बड़ी सफलता हाथ लगी, दरअसल आजमगढ़ जिले में हुंडई कार से गांजा तस्करी का मामला सामने आया है। एक लग्जरी कार से पुलिस टीम ने 70 किग्रा गांजा बरामद किया। पुलिस ने इस मामले में तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। कार से गांजा के साथ ही अवैध असलहा व चार मोबाइल भी बरामद हुआ। पकड़े गए तस्करों में दो असम व एक गोरखपुर जिले का निवासी है।
पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया कि मुबारकपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार सवार भारी मात्रा में गांजा लेकर गोरखपुर की ओर जाने वाले है। इस सूचना पर पुलिस ने अलीनगर चौक पर घेराबंदी कर दिया। कुछ ही देर में एक कार आती हुई दिखाई दी।
पुलिस को देख कार सवार लोग कुछ दूरी पर ही गाड़ी रोक कर भागने लगे। जिन्हें पुलिस ने दौड़ कर पकड़ लिया। कार की तलाशी लेने पर उसमें 70 किग्रा गांजा बरामद हुआ। वहीं एक अवैध असलहा व चार मोबाइल भी पुलिस ने बरामद किया है। पकड़े गए तस्करों में एक गोरखपुर जिले के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के अटौली गांव निवासी सौरभ प्रताप सिंह के अलावा दो असम राज्य के उदालगुड़ी निवासी गौतम दास व दइतुन नारजारी बताए गए है।
पकड़े गए गांजा तस्करों ने बताया कि वे असम से गांजा लाकर पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में सप्लाई करते है। गिरफ्तारी के दौरान वे सात पैकटों में रखा गांजा सठियांव के रास्ते मऊ जनपद के एक व्यापारी को सप्लाई करने जा रहे थे।