राष्ट्रपति चुनाव 2022: आज लखनऊ के विधान भवन में देश के 15वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए सोमवार को मतदान समाप्त हो गया। सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों ने मतदान किया। प्रदेश में 403 विधायक हैं। हर मत का मूल्य 208 है। सोमवार को मतदान शुरू होने पर सबसे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वोट किया। चुनाव में राजग उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत तय मानी जा रही है। उनके समर्थन में करीब 27 दल आ गए हैं। जिससे विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा काफी पिछड़ गए हैं। मतगणना 21 जुलाई को होगी। नवनिर्वाचित राष्ट्रपति 25 जुलाई को शपथ लेंगे।
मतदान करने के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चाचा शिवपाल सिंह यादव से चिट्ठी लिखवाई और फिर उसे वायरल करवाया है। बता दें कि शिवपाल ने अखिलेश यादव को लिखे पत्र में कहा था कि यशवंत सिन्हा ने नेताजी मुलायम सिंह यादव को आईएसआई एजेंट कहा था अत: उन्हें समर्थन देने पर विचार करें।
राष्ट्रपति चुनाव के बाद अब उपराष्ट्रपति पद के लिए भी चुनाव होना है। देश के मौजूदा उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू का कार्यकाल 11 अगस्त को समाप्त हो रहा है। एनडीए ने इस चुनाव के लिए पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ को उम्मीदवार बनाया है। उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए के उम्मीदवार के एलान करने के बाद विपक्षी दलों ने भी अपने प्रत्याशी का एलान कर दिया। विपक्ष ने मार्गरेट अल्वा को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया है। एनसीपी चीफ शरद पवार ने इनके नाम का एलान किया।
