राज्यसभा चुनाव: राज्यसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की 10 सीटों के लिए मतदान मंगलवार को चल रहा है। भाजपा के आठ और सपा के तीन प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। भाजपा ने आठवीं और सपा ने तीसरी सीट जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।
राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। सपा के कई विधायक बागी हो गए हैं। राज्यसभा चुनाव में सपा के नौ विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है। इस बीच उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया है कि सपा के कुल 14 विधायक हमें वोट करेंगे।
राज्यसभा चुनाव पर भाजपा नेता सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि भाजपा के आठ उम्मीदवार हैं, सभी जीतकर दिल्ली जाने वाले हैं। जिनको डर था वे सुबह से ही गा रहे हैं कि भाजपा ने उनके विधायकों को छीन लिया है। उन लोगों को अपने घर को संभालना नहीं आया। किसी पर आरोप लगाने से पहले ये भी देख ले कि आपके घर के सदस्य क्यों आपसे भागना चाहते हैं? अखिलेश यादव को बहाना देने की आदत पड़ चुकी है। 2017 में बहाना दिया, 2019 में दिया और अब 2024 में भी एक और बहाना देंगे।
समाजवादी पार्टी के विधायक राकेश प्रताप सिंह, मनोज पाण्डेय, राकेश पाण्डेय, पूजा पाल, अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी ने भाजपा को वोट दिया है। कांग्रेस के विधायक वीरेंद्र चौधरी भी भाजपा को वोट देंगे। बसपा विधायक उमाशंकर सिंह मतदान नहीं करेंगे। अगर भाजपा के आठवे प्रत्याशी के लिए संकट हुआ तो बीजेपी को मतदान करने आएंगे। बदायूं सपा विधायक आशुतोष मौर्य ने भी भाजपा प्रत्याशी का समर्थन किया है। हंडिया से सपा विधायक हाकिम चंद्र बिंद ने भी भाजपा प्रत्याशी का समर्थन किया है।
इसके साथ ही राज्यसभा चुनाव में भाजपा के आठवें प्रत्याशी संजय सेठ की जीत तय हो गई है। संजय सेठ ने विक्ट्री साइन बनाकर अपनी जीत का एलान कर दिया है।इस दौरान उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कई विधायकों को मतदान करने का रिहर्सल भी कराया।
