सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से सनसनीखेज व दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई है। शनिवार की सुबह पांच बजे एक मानसिक रूप से विक्षिप्त एक युवक ने अपने परिवार के पांच लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। यही नहीं इसके बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मार ली। मामला रामपुर मथुरा थाना इलाके के पल्हापुर गांव का है। हत्या की इस वारदात से गांव में हड़कंप मचा हुआ है
जानकारी के अनुसार, रामपुर मथुरा थाना इलाके के पल्हापुर गांव के रहने वाले अनुराग ठाकुर (42) ने शनिवार भोर में अपनी मां सावित्री(65), पत्नी प्रियंका (40), बेटी अश्विनी (12), छोटी बेटी अश्वी (10) और बेटे अद्वैत(6) को भी गोली मार दी। इसके बाद अनुराग ने खुद को भी उड़ा लिया। सभी छह लोगों लोकी मौत हो गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सीओ महमूदाबाद दिनेश शुक्ला ने बताया कि आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है। युवक नशे का आदी था। परिवार वाले उसे नशा मुक्त केंद्र ले जाना चाहते थे, इसको लेकर रात में विवाद हुआ। इसके बाद भोर में यह घटना हुई।
रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र में घर के पांच सदस्यों की हत्या कर खुद को गोली से उड़ाने वाले अनुराग सिंह का परिवार बेहद सम्पन्न है। परिवार लखनऊ में रहता था। अनुराग गांव में रहता था। शुक्रवार को ही पत्नी बच्चों को लेकर गांव आई थी।पत्नी प्रियंका लखनऊ स्थित एक बैंक में कार्यरत थी। इसके अलावा घर पर 100 बीघा से अधिक खेती थी। अनुराग बीएससी एग्रीकल्चर था तो खेती में रुचि थी। वह खेती संभालता था।लेकिन नशे की लत ने उसे बिगाड़ दिया था। परिजन इसका विरोध करते थे। वह जब ज्यादा नशा करने लगा तो परिजनों ने लखनऊ के नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराने की ठानी। यही हत्या का कारण बना। फोरेंसिक टीम मौके पर साक्ष्य संकलन कर रही है। पुलिस जांच कर रही है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है।
