महराजगंज। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जनपदवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2025 कानून-व्यवस्था के दृष्टिकोण से महाराजगंज के लिए निर्णायक एवं उपलब्धियों से भरा रहा। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुरूप किए गए प्रभावी प्रयासों के चलते हत्या, लूट, नकबजनी, दहेज हत्या, बलात्कार, चोरी एवं वाहन चोरी जैसे गंभीर अपराधों में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है, जिससे जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून का राज सुदृढ़ हुआ है।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा के कुशल नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2025 के दौरान अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में जनपद ने नई मिसाल कायम की है। उन्होंने बताया कि लूट की घटनाओं का सफल अनावरण, अपराधियों की गिरफ्तारी, गैंगस्टर एवं गुंडा एक्ट के अंतर्गत सख्त कार्रवाई, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी, साइबर अपराधों में पीड़ितों को धनराशि की वापसी तथा महिला एवं बाल सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति जैसे अभियानों ने कानून-व्यवस्था को मजबूत किया है। आमजन के सहयोग से संचालित गोपनीय हेल्पलाइन को भी अपराध नियंत्रण में अहम बताया गया।
**सेवा पदकों से पुलिसकर्मी हुए सम्मानित**
इस अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने ध्वजारोहण कर रैतिक परेड की सलामी ली। गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा गणतंत्र दिवस के अवसर पर जनपद महाराजगंज के सात पुलिसकर्मियों को उनकी उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए सेवा पदकों से सम्मानित किया गया। भव्य रैतिक परेड के दौरान चयनित पुलिसकर्मियों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मान प्रदान किया गया।
अति उत्कृष्ट सेवा पदक से रेडियो उपनिरीक्षक सुनील कुमार विश्वकर्मा, हेड कांस्टेबल एमटी चन्द्रशेखर यादव, मुख्य आरक्षी चालक संतोष कुमार गुप्ता एवं मुख्य आरक्षी सशस्त्र पुलिस जयकिशुन को सम्मानित किया गया। वहीं उत्कृष्ट सेवा पदक से निरीक्षक नागरिक पुलिस रामकृष्ण यादव, मुख्य आरक्षी नागरिक पुलिस वीरेन्द्र कुमार यादव एवं मुख्य आरक्षी नागरिक पुलिस सुनील कुमार चौधरी को सम्मान मिला।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी निष्ठा, कर्तव्यपरायणता एवं अनुकरणीय सेवा का प्रतीक है, जिससे पुलिस बल का मनोबल बढ़ेगा और अन्य कर्मियों को भी प्रेरणा मिलेगी।
**रैतिक परेड में नौ टोलियों ने लिया भाग**
गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान आयोजित रैतिक परेड में कुल नौ टोलियों ने भाग लिया। इनमें पुलिस ऑफिस टोली, महिला पुलिस टोली, पीएसी, एनसीसी कैडेट सहित जनपद पुलिस की विभिन्न टोलियां शामिल रहीं। इसके अतिरिक्त मोटरसाइकिल दस्ता, एंटी ह्यूमन ट्रैफिक थाना, महिला थाना, अग्निशमन विभाग, एसओजी, रेडियो शाखा एवं पुलिस विभाग की अन्य सहयोगी शाखाओं ने भी परेड में सहभागिता की।
रैतिक परेड में क्षेत्राधिकारी फरेंदा प्रथम परेड कमांडर तथा प्रतिसार निरीक्षक द्वितीय परेड कमांडर रहे। परेड के माध्यम से अनुशासन, एकता एवं सेवा भावना का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया।








