महराजगंज: आगामी होली पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए थाना फरेन्दा पुलिस ने अवैध कच्ची शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ग्राम भारी वैसी व निरनाम पश्चिमी में संयुक्त टीम ने दबिश देकर 12.5 कुन्टल अवैध लहन नष्ट कर दिया।
उपजिलाधिकारी फरेन्दा व क्षेत्राधिकारी फरेन्दा के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र कुमार राय, थाना पुलिस बल एवं आबकारी विभाग की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। मौके पर शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरण और भट्टियों को भी ध्वस्त कर दिया गया। सघन निगरानी और प्रभावी कार्रवाई के लिए ड्रोन कैमरे की भी सहायता ली गई।
पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।







