
महराजगंज में 14 और 15 मार्च को आयोजित होने वाली उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस) भर्ती परीक्षा को देखते हुए शहर में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए दोनों दिनों में भारी और कामर्शियल वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा-2025 जिले के 7 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की आवाजाही को देखते हुए यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए यह कदम उठाया गया है।
निर्देश के मुताबिक 14 और 15 मार्च को सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक नगर क्षेत्र महराजगंज में भारी और कामर्शियल वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान पुलिस और यातायात विभाग द्वारा शहर में विशेष निगरानी भी की जाएगी ताकि परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित समय के दौरान वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।