महराजगंज में दशहरा और मूर्ति विसर्जन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने मंगलवार को त्रिमुहानी घाट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने घाट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा हमारी सबसे पहली प्राथमिकता है, इसलिए भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात को सुचारू रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अमले को आपसी तालमेल बनाकर मुस्तैद रहने और किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटने के निर्देश दिए हैं ताकि त्योहार के दौरान आम जनता को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।





