मुंबई: पिछले एक महीने से एमएसआरटीसी के कर्मचारी निगम का राज्य सरकार में विलय करने की मांग को लेकर हड़ताल पर हैं। रविवार को जनशक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओं का एक समूह प्रदर्शन करने के लिए मुंबई स्थित राज्य सचिवालय के बाहर सुबह करीब 11 बजे पहुंचा।कार्यकर्ताओं ने एमएसआरटीसी कर्मचारियों की मांग पूरी नहीं होने पर सरकार के विरोध में नारे लगाए।
महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम के कर्मचारियों की हड़ताल के समर्थन में महाराष्ट्र सचिवालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे लोगों में से दो पुरुषों ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया जबकि चार महिलाओं ने सड़क के बीच प्रदर्शन किया। वहां उपस्थित पुलिसकर्मियों ने दोनों पुरुषों को पकड़ लिया और आत्मदाह के प्रयास को विफल कर दिया। हालांकि, दोनों पुरुषों और चारों महिलाओं को हिरासत में ले लिया गया है।
पुलिसकर्मी दोनों पुरुषों और चार महिला प्रदर्शनकारियों को मरीन ड्राइव थाने ले गए। प्रदर्शनकारियों में शामिल एक महिला ने कहा कि वे अपनी मांग के समर्थन में परिवहन मंत्री अनिल परब के आवास के बाहर प्रदर्शन करेंगे।