Tejashwi Marriage: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव गुरुवार को शादी के पवित्र रिश्ते में बंध गए हैंl तेजस्वी यादव ने अपनी दोस्त रेचल गोडिन्हो से हिंदू रीति- रिवाजों के अनुसार शादी कर ली हैl तेजस्वी यादव की शादी में परिवार के सभी लोग और करीबी रिश्तेदार पहुंचे हैं, लेकिन उनकी बहन रोहिणी आचार्या इस शादी में शामिल नहीं हो सकी हैं, रोहिणी ने ट्विटर पर अपने भाई और उनकी दुल्हन को आशीर्वाद दिया हैl
दिल्ली के साकेत स्थित सैनिक फार्म में उनकी शादी हरियाणा की रेचल गोडिन्हो के साथ हो गई। तेजस्वी यादव और रेचल गोडिन्हो दिल्ली के आरके पुरम स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में साथ पढ़ते थे। दोनों की पुरानी दोस्ती गुरुवार को रिश्तेदारी में बदल गई।

रेचल गोडिन्हो हरियाणा की रहने वाली हैं और परिवार के साथ दिल्ली स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी में रहती हैं। शादी कार्यक्रम में एक- दो बाहरी लोगों के अलावा परिवार के सभी सदस्य मौजूद रहे। दिन में हुई सगाई में तेजस्वी के बड़े भाई तेजप्रताप यादव नहीं पहुंच सके। वह दिल्ली की जाम में फंसने के कारण देर से पहुंचे। लेकिन, उसके बाद शादी के समय वह कार्यक्रम में मौजूद थे।
इसके साथ पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव व राबड़ी देवी के सभी बच्चों की शादी हो गई। नौ भाई-बहनों के बीच तेजस्वी यादव आठवें नंबर पर हैं, लेकिन उनसे छोटी बहन की शादी पहले ही हो चुकी है। तेजस्वी यादव की शादी की पूरी रस्म हिंदू रीति रिवाज से संपन्न हुई। सगाई के बाद सात फेरे भी लिये गये।
लालू प्रसाद बहुभोज का आयोजन पटना में करेंगे। लेकिन यह सब कोरोना को लेकर चल रहे मौजूदा हालात के सामान्य होने पर ही होगा। उस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शुभचिंतकों को बुलाया जाएगा।