आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के कालिंदी विहार में रविवार सुबह एक युवक का शव पानी की टंकी की रेलिंग से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। जानकारी पर पहुंची परिजनों ने शव को नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया है कि युवक पत्नी की मौत के बाद से अवसाद में था।
जानकारी के मुताबिक कालिंदी विहार के कांशीराम आवास में रहने वाला नीटू (30) पुत्र रूप किशोर सब्जी विक्रेता था। लोगों ने रविवार की सुबह उसका शव घर के पास स्थित पानी की टंकी की रेलिंग से लटका देखा। जानकारी पर मृतक के परिजन पहुंच गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि नीटू शराब पीने का आदी थी। दो वर्ष पहले उसकी पत्नी की मौत हो गई थी। उसकी एक दिव्यांग बेटी है। कुछ दिन से वह मानसिक तनाव में था। रात को वह घर से निकला। इसके बाद नहीं लौटा। सुबह उसका शव पानी की टंकी पर लटका होने की जानकारी मिली। उनका कहना है कि अवसाद में उसने आत्महत्या की है।