गाजीपुर: यूपी चुनाव 2022: यूपी चुनाव 2022 को देखते हुए चुनावी समर्मियां काफी तेज हो गयी है, यूपी में सियासी उठापटक का दौर जारी है। एक पार्टी का दूसरी पार्टी पर तंज कसने का दौर शुरू हैं l केंद्रीय कैबिनेट मंत्री स्मृति ईरानी ने रविवार को गाजीपुर में भाजपा की जन विश्वास यात्रा को हरी झंडी दिखाई। लंका मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि माफियाओं की छाती पर बुलडोजर चलता है तो दर्द समाजवादी पार्टी को होता है।
सपा मुखिया होते तो बुलडोजर की स्टेरिंग दूसरी ओर घुमा देते। चुनाव घोषित नहीं हुआ लेकिन सपा के लोगों का हाथ पुलिस वालों के गिरेबां तक पहुंचने लगा है। इनकी सरकार होती तो पता नहीं ये क्या करते। उन्होंने कहा कि भाजपा की जन विश्वास यात्रा सिर्फ 15 दिन की नहीं है। यह योगी सरकार के पांच साल की विकास यात्रा है।
यात्रा के दौरान विकास कार्यों की चर्चा करने के साथ लोगों को याद दिलाएंगे कि जब साइकिल और हाथ साथ में थे तो कैसे नौकरियों के लिए बेटे-बेटियों पर लाठी चार्ज होता था। खाद के लिए किसानों पर जुल्म होता था। गरीबों को लूटकर गुंडे और माफिया अपना आलीशान महल बनाते थे। कहा कि मोदी और योगी सरकार में आम जनता की चिंता की गई।
कोरोना के दौर में 19 महीने 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन दिया गया। यही कांग्रेस और सपा की सरकार होती तो ये अनाज उनके नेताओं के गोदाम में जाता और बाजार में कालाबजारी होती। अखिलेश यादव ने महामारी में कोरोना वैक्सीन को भाजपा की वैक्सीन बताकर गरीबों को डराया गया। प्रधानमंत्री ने 500 से 600 रुपये की वैक्सीन का उत्पादन भी भारत में कराया और देश की जनता को फ्री में लगाया भी जा रहा। ऐसा इसलिए हो पाया क्योंकि एक गरीब का बेटा देश का प्रधानमंत्री बना।
