यूक्रेन संकट: रूस व यूक्रेन के बीच आज जंग छिड़ ही गई है, रूसी राष्ट्रपति पुतिन द्वारा यूक्रेन में सैन्य कार्रवाई के आदेश के बीच अब भारत ने भी संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में अपना पक्ष रखा है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टी.एस. तिरुमूर्ति ने कहा कि हम तत्काल युद्ध टालने की अपील करते हैं, स्थिति एक बड़े संकट में तब्दील होने के कगार पर है। अगर इसे सावधानी से नहीं संभाला जाता तो यह सुरक्षा को कमजोर कर सकता है।
सभी पक्षों की सुरक्षा को ध्यान में रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम सभी पक्षों से संयम बरतने का आह्वान करते हैं। हमें विश्वास है कि इस मुद्दे को केवल राजनयिक बातचीत के माध्यम से हल किया जा सकता है। रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा है कि जो कोई भी हमारे देश और हमारे लोगों के लिए खतरे पैदा करने की कोशिश करता है, उसे पता होना चाहिए कि रूस की प्रतिक्रिया तत्काल होगी और आपको ऐसे परिणामों की ओर ले जाएगी जैसा आपने अपने इतिहास में पहले कभी अनुभव नहीं किया है।
भारत में यूक्रेन इंटरनेशनल एयरलाइंस के एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए कहा कि यूक्रेन इंटरनेशनल एयरलाइंस (यूआईए) की एक स्पेशल फ्लाइट छात्रों सहित 182 भारतीय नागरिकों के साथ आज सुबह 7:45 बजे दिल्ली हवाई अड्डे पर लैंड हुई।