देश में कोरोना: भारत में कोविड-19 के मामलों में तेजी से गिरावट हो रही है। नए मामले भी कम हो रहे हैं, वहीं सक्रिय यानी एक्टिव मामलों की संख्या में भी कमी दर्ज की गई है। देश में कोरोना के मामले और सक्रिय केस लगातार घट रहे हैं,
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार शनिवार सुबह समाप्त बीते 24 घंटे में 1660 नए कोरोना केस मिले हैं। इसके साथ ही देश में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 4,30,18,032 पर पहुंच गया। वहीं, सक्रिय केस 20 हजार के नीचे पहुंच गए हैं।
देश में कोरोना के सक्रिय केस घटकर 16,741 हो गए हैं। ये बीते 702 दिनों में सबसे कम हैं। ये कुल संक्रमितों की तुलना में 0.04 फीसदी हैं। मंत्रालय ने कहा कि देश में कोरोना का रिकवरी रेट 98.75 फीसदी हो गया है।
दरअसल महाराष्ट्र ने राज्य में कोरोना से हुई मौतों के आंकड़ों को अपडेट किया है। इसके कारण बीते 24 घंटे में मौत का आंकड़ा एकदम 4100 तक बढ़ गया। महाराष्ट्र सरकार ने शुक्रवार तक दर्ज हुई 4005 गैर-कोविड मौतों को कोविड मौतों में शामिल किया, इस कारण मौतों का आंकड़ा एकाएक बढ़ गया। अब कुल मौतों का आंकड़ा 5,20,855 पर पहुंच गया है।