यूक्रेन का दावा: यूक्रेन पर रूसी हमले का एक महीना पूरा हो गया है। जंग का आज 31वां दिन है। इसी के साथ रूस की ओर से दावा किया गया है कि, उसने यूक्रेन पर हमले के पहले चरण को पूरा कर लिया है। इधर यूक्रेन के मंत्री एंटोन गेराशचेंको ने दावा किया है कि रूसी रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ तीखी नोकझोंक के बाद दिल का दौरा पड़ा था। मंत्री ने कहा कि पुतिन ने यूक्रेन में अपने विशेष सैन्य अभियान की ‘विफलता’ के लिए उन्हें दोषी ठहराया था जिस वजह से दोनों नेताओं के बीच मतभेद बढ़ गया।
यूक्रेन के मंत्री ने आगे कहा कि यही कारण है कि रक्षा मंत्री, जिसे युद्ध का दूसरा मास्टरमाइंड माना जाता था, 11 मार्च के बाद से जनता के बीच नहीं देखा गया है। हालांकि 24 मार्च को, रूसी रक्षा मंत्री को एक बार फिर से टेलीविजन पर देखा गया था। कुछ समय के लिए जनता के बीच से अचानक गायब होने के कारण ये अटकलें भी तेज हो गई थी कि यूक्रेनी शहरों पर अभी तक कब्जा नहीं करने के लिए उन्हें दंडित किया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार क्रेमलिन के प्रवक्ता ने कहा कि रक्षा मंत्री विशेष सैन्य अभियान के बीच व्यस्त हैं और यह मीडिया गतिविधियों के लिए बिल्कुल सही समय नहीं है। हालांकि इसके तुरंत बाद, रक्षा मंत्री को टेलीविजन पर पुतिन के साथ सुरक्षा परिषद के टेलीकांफ्रेंस की एक क्लिप में देखा गया, जिसमें कहा गया था कि मंत्री ने विशेष सैन्य अभियान में प्रगति की सूचना दी थी।
एक रूसी जनरल की ओर से दावा किया गया है कि, सैन्य अभियान के पहले चरण के लक्ष्यों को रूस ने सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। इसके बाद अब रूस दूसरे चरण की ओर आगे बढ़ेगा। रूस के जनरल स्टाफ के पहले डिप्टी चीफ कर्नल सर्गेई रुडस्कॉय ने कहा कि, सामान्य तौर पर हम सैन्य अभियान के पहले चरण को पूरा कर चुके हैं। इस दौरान यूक्रेन के सशस्त्र बलों की क्षमताओं में भारी कमी आई है।