गुजरात: गुजरात के मोर्बी जिले में एक बड़ा दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां दोपहर करीब 12 बजे हलवाड़ जीआईडीसी स्थित सागर साल्ट फैक्ट्री में एक दीवार गिर गई। मलबे में दबने के कारण करीब 12 मजदूरों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त मजदूर फैक्ट्री में काम कर रहे थे। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई है। राहत और बचाव कार्य अभी जारी है। मलबे में अभी कुछ और लोगों के दबे होने की भी आशंका है।
इस घटना पर प्रधानमंत्री ने शोक व्यक्त करते हुआ कहा ‘मोरबी में दीवार गिरने से हुई त्रासदी हृदय विदारक है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें। स्थानीय अधिकारी प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।’
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल जी ने मृतकों के परिजनों का चार-चार लाख रुपये और प्रत्येक घायलों को पचास हजार रुपये के साथ उनका मुफ्त इलाज कराने की घोषणा की है।
अमित शाह ने भी इस घटना पर शोक व्यक्त किया है ‘गुजरात के मोरबी में एक हादसे में 12 लोगों की मृत्यु अत्यंत दुःखद है। मैंने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल जी से बात की है, प्रशासन राहत पहुँचाने में तत्परता से लगा है। घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुँचाकर उन्हें उपचार दिया जा रहा है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ।’
90 प्रतिशत बचाव अभियान पूरा कर लिया गया है, लेकिन यह अभी तक स्पष्ट नहीं है कि दीवार गिरने का कारण क्या है। पुलिस जांच करेगी। कारखाने में नमक को संसाधित और पैक किया जाता है।