बयान: गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका देने वाले पाटीदार नेता हार्दिक पटेल ने अब अपनी पूर्व पार्टी कांग्रेस पार्टी पर जोरदार हमला बोला है। राम मंदिर को लेकर कांग्रेस नेता के एक बयान पर हार्दिक पटेल ने कहा कि कांग्रेस हमेशा ही हिंदू धर्म की आस्था को चोट पहुंचाने का काम करती है।
कांग्रेस को आखिर हिंदुओं से नफरत क्यों है। भगवान श्रीराम के खिलाफ बार बार अनाप-शनाप कहने की आदत सी पड़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की भावनाएं आहत करती है और हिंदू धर्म की आस्था को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करती है। उन्होंने गुजरात कांग्रेस के एक नेता के बयान पर भी सवाल उठाए।
पटेल ने एक ट्वीट में कहा, ‘मैंने पहले भी कहा था की कांग्रेस पार्टी जनता की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का काम करती है, हमेशा हिंदू धर्म की आस्था को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करती है। आज पूर्व केंद्रीय मंत्री और गुजरात कांग्रेस के नेता ने बयान दिया की राम मंदिर की ईंटों पर कुत्ते पेशाब करते हैं..!’
हालांकि, उन्होंने नेता का नाम नहीं लिया। पटेल ने आगे लिखा, ‘मैं कांग्रेस और उसके नेताओं से पूछना चाहता हूं की आपको भगवान श्रीराम से क्या दुश्मनी है? हिंदुओ से आपको इतनी नफरत क्यों है? सदियों बाद अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर बन रहा है फिर भी कांग्रेस के नेता भगवान श्रीराम के खिलाफ अनाप-शनाप बयान देते रहते हैं।’ हार्दिक पटेल ने 18 मई को कांग्रेस पार्टी के पद और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया था।