हार्दिक पटेल: बीते दिनों गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को राज्य में बड़ा झटका देते हुए पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और पाटीदार नेता हार्दिक पटेल ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। अपने त्यागपत्र में कांग्रेस पर जमकर निशाना भी साधा थाl अब गुजरात के पूर्व कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल ने भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने को लेकर बड़ा बयान दिया है।
हार्दिक पटेल ने बताया है कि वह दो जून को भाजपा में शामिल होंगे। पटेल ने 18 मई को कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। राज्य में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उनका यह कदम कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
कांग्रेस से इस्तीफा देते वक्त हार्दिक पटेल पार्टी आलाकमान पर जमकर बरसे थे। उन्होंने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर अपना इस्तीफा सौंपा था। इस पत्र में उन्होंने पार्टी को लेकर कई बातें कही थीं। पटेल 2019 में कांग्रेस में शामिल हुए थे। उन्हें 11 जुलाई 2020 को गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। हालांकि 2022 आते-आते उनका पार्टी से मोहभंग हो गया और इस्तीफा दे दिया।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता याग्नेश दवे ने बताया कि हार्दिक पटेल दो जून को पार्टी की सदस्यता लेंगे। वह गुजरात भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल की मौजूदगी में भापा में शामिल होंगे। दरअसल, पिछले कई दिनों से कयास लगाए जा रहे थे कि हार्दिक पटेल भाजपा में शामिल हो सकते हैं।