पीएम मोदी की मां का जन्मदिन: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबा आज (18 जून) 100 वर्ष की हो गईं हैं। इस मौके पर पीएम मोदी गुजरात स्थित गांधीनगर आवास पर अपनी मां से मिलने पहुंचे और उनसे आशीर्वाद लिया। काशी के नमामि गंगे के तत्वावधान में दरभंगा घाट पर पीएम नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी का सौवां जन्मदिन मनाया गया। उत्तरवाहिनी के तट पर पीएम मोदी द्वारा मां के पैर छूकर आशीर्वाद लेती हुई तस्वीरों के साथ कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को जन्मदिन की बधाई दी।
इसके बाद प्राचीन हनुमान मंदिर के प्रांगण में श्री हनुमान चालीसा का पाठ कर हीराबेन के दीर्घायु व आरोग्य सुख की कामना की गई। नमामि गंगे के महानगर सहसंयोजक शिवम अग्रहरि ने बताया कि ऐसी मां वंदनीय है जिन्होंने देश को एक सशक्त नेतृत्व दिया। अपने बेटे को देश सेवा में समर्पित करने वाली मां हीराबेन हम काशीवासियों के लिए वास्तव में पूजनीय है। एक सांसद के रूप में नरेंद्र मोदी ने काशी के विकास में अभूतपूर्व योगदान किया है।
इसके पूर्व कार्यकर्ताओं ने गंगा तलहटी की सफाई कर बड़ी मात्रा में कूड़ा-कचरा बाहर निकाला। इस दौरान घाट पर स्नान कर रहे श्रद्धालुओं ने भी सहयोग किया। इस दौरान रामप्रकाश जायसवाल, शिवांगी पांडेय, रेखा विश्वकर्मा, जय विश्वकर्मा, उपेंद्र जायसवाल, आकाश राय, रुद्रेश तिवारी, निखिल सिंह, राज सिंह उपस्थित रहे।