तीखा हमला: रविवार को अपने गृह जनपद कौशाम्बी के दौरे पर आए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रामपुर और आजमगढ़ के उप चुनाव नतीजों को लेकर अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में तो सत्ता का ख्वाब चकनाचूर हुआ ही, उपचुनाव में अब जागीर भी छिन गई। विधानसभा चुनाव में 400 सीट जीतने का ख्वाब देखने वाले सपा मुखिया अखिलेश यादव आजमगढ़ और रामपुर को अपना गढ़ व जागीर समझते थे।
उन्होंने बोला विधानसभा में उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने पर जनता ने अखिलेश यादव को करारा जवाब दिया है। नतीजे संदेश हैं कि जनता किस मूड मे है? कहा कि भाजपा 2024 मे 75 प्लस का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है। भाजपा के पक्ष में मिल रहा समर्थन अखिलेश की भाषा का प्रदेश की जनता का जवाब है। सपा का सफाया अब शुरू हो गया है। अब आने वाले 30 साल तक वह सत्ता के आसपास नहीं दिखाई देंगे।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आजमगढ़ एवं रामपुर में तो भगवा लहराना ही था। जिस प्रकार से विधानसभा में अखिलेश यादव ने उनके लिए भाषा का प्रयोग किया था। इससे पिछड़ा वर्ग ही नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज के लोग नाराज हैं। बोले मैं तो विरोधी नेता के बारे में आदरपूर्वक शब्दों का प्रयोग करता हूं। लेकिन यदि अभद्र भाषा का कोई प्रयोग करेगा तो जनता उसका जवाब देगी।
