मिठौरा प्रभारी मणिकांत द्विवेदी की रिपोर्ट
महराजगंज: डीएम कार्यालय से 28 जून को जारी पत्र में इस बात का जिक्र किया गया है कि बीडीओ मिठौरा के द्वारा 17 जून को जारी पत्र संख्या 268 के माध्यम से अवगत कराया गया है कि ग्राम पंचायत कुइयां कंचनपुर में पंचायत सहायक के त्यागपत्र देने के उपरान्त नए आवेदन लेने हेतु निर्देश दिया गया था । जिसके क्रम में 10 जून को ग्राम पंचायत की बैठक में प्रशासनिक समिति के समक्ष दो आवेदन पत्र प्रस्तुत किया गया।
इसके बाद 16 जून को ग्राम प्रधान द्वारा एडीओ पंचायत को सूचना दी गयी कि 4 जून को उनको व्हाट्सएप पर तीन आवेदन पत्र प्राप्त होने की सूचना भेजी गयी है । जिसकी सूचना डीपीआरओ को भेजी जा चुकी है । पत्र में आगे उल्लेख है कि इसके बाद भी प्रशासनिक समिति के समक्ष सिर्फ 2 आवेदन पत्र प्रधान द्वारा प्रस्तुत करना काफी खेदजनक विषय है ।
ऐसी स्थिति में डीएम सत्येन्द्र कुमार ने अपने जारी पत्र के माध्यम से निर्देशित किया है कि पंचायत सहायक के तीनों आवेदन पत्रों को सम्मिलित कर प्रशासनिक समिति की बैठक करके चयन की कार्यवाही सुनिश्चित करें । अन्यथा की स्थिति में आपके विरुद्ध उत्तर प्रदेश पंचायत राज अधिनियम की धारा 95 (1) ( छ ) के अन्तर्गत कार्यवाही संपादित की जाएगी । जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी आपकी स्वयं की होगी ।