असम: असम समेत पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में लगातार हो रही बारिश के कारण आम जनजीवन काफी बुरी तरह प्रभावित हुआ है l मूसलाधार बारिश के कारण कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, असम में बाढ़ से हाहाकार मचा हुआ है। असम में ब्रह्मपुत्र, बराक नदियों का जलस्तर बढ़ना जारी है, ब्रह्मपुत्र और बराक नदियों के जलस्तर बढ़ने से नये इलाके भी जलमग्न हो रहे हैं।
असम में लगातार हो रही भारी बारिश से और बाढ़ से स्थिति विकट बनी हुई है। असम में बाढ़ से हाहाकार मचा हुआ है, वहाँ पर बेहद गंभीर स्थिति बनी हुई है l पिछले 24 घंटों में आठ लोगों की मौत होने की खबर है। बाढ़ से 31 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि कछार के सिलचर इलाके का बड़ा भाग पिछले 11 दिन से जलमग्न है।
असम में बीती रात भारी बारिश के कारण पानी सीआरपीएफ के कैंपों में घुस गया। मौसम विभाग के अनुसार 3-4 दिन और बारिश होगी, इसलिए एहतियात के तौर पर कैंप खाली कराया जा रहा है।
इस साल बाढ़ और भूस्खलन से 159 लोगों की मौत हो चुकी है। असम के 26 जिलों में बाढ़ प्रभावितों की तादाद बढ़कर 31.54 लाख पहुंच गई है। एक दिन पूर्व बाढ़ प्रभावितों की संख्या 24.92 लाख थी। ब्रह्मपुत्र, बेकी, कोपिली और कुशियारा नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। हालांकि, कई दूसरी नदियों का जल स्तर घट रहा है। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने उप आयुक्तों के साथ वर्चुअल बैठक कर बाढ़ प्रभावितों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।