राष्ट्रपति चुनाव परिणाम: देश को आज 15वां राष्ट्रपति मिल गया, द्रौपदी मुर्मू देश की नई राष्ट्रपति बन गई है, अभी उनके विजयी होने की आधिकारिक घोषणा होनी बाकी है l द्रौपदी मुर्मू ने भारी अंतर से जीत हासिल की है। द्रौपदी मुर्मू को बधाई मिलने का सिलसिला शुरू हो गया है। सबसे पहले यशवंत सिन्हा ने उन्हें जीत की बधाई दी। इसके बाद पीएम मोदी भी मुर्मू से मिलने उनके आवास पहुंचे और उन्हेंं बधाई दी।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी द्रौपदी मुर्मू को जीत की बधाई दी। गुरुवार को हुई वोटों की गिनती के तीसरे दौर में ही उन्होंने जीत के लिए जरूरी आंकड़े को पार कर लिया था। 25 जुलाई को उनका शपथ ग्रहण होगा। इसके साथ ही देश को पहली आदिवासी और दूसरी महिला राष्ट्रपति मिल जाएगी।
27 दलों के समर्थन के साथ द्रौपदी मुर्मू का पलड़ा पहले से ही भारी था। वहीं महज 14 दलों के समर्थन के साथ सिन्हा को करीब 3.5 लाख वोट ही मिलने की उम्मीद थी। मतगणना का कार्य उसी कमरा नंबर 63 में हुई जहां सांसदों के वोट डालने की व्यवस्था की गई थी। इसी कमरे को स्ट्रॉन्ग रूम में बदल कर मतपेटियां रखी गई थी। यहां सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था थी।
नडीए के राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के पैतृक स्थान ओडिशा के रायरंगपुर में तो जश्न की तैयारियां भी पहले से ही शुरू हो गई थी। द्रौपदी मुर्मू के गांव में उत्साह का माहौल है। लोग तिरंगा लिए जश्न मना रहे हैं। मुर्मू देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बनी है। रायरंगपुर में नतीजे आने के बाद मिठाइयां बांटने शुरू हो गए हैं। मुर्मू के गांव में बांटने के लिए 20 हजार लड्डू तैयार तैयार किए गए हैं।