देश में कोरोना: देश में कोविड-19 के मामलों में कभी गिरावट हो रही है तो कभी मामले बढ़ जा रहे है। पिछले करीब एक माह से कोरोना के दैनिक मामलों में लगातार उतार चढ़ाव देखा जा रहा है। हालांकि, पिछले कुछ समय से दैनिक कोरोना मामले 20 हजार के आसपास ही बने हुए हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार को जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, देश में बीते 24 घंटों में 19,406 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 49 लोगों ने दम तोड़ दिया। तो वहीं 19,928 लोग ठीक हुए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी की गई रिपोर्ट के मुताबिक, देश में कोरोना की दैनिक संक्रमण दर 4.96 प्रतिशत पहुंच गई है। वहीं सक्रिय कोरोना मरीजों की संख्या 1,34,793 पहुंच गई। इसके अलावा कोरोना से ठीक होने वालों का आंकड़ा 43465552 पहुंच गया, तो वहीं देश में अब तक कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या 526649 पहुंच गई।