वंदे भारत: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने गृह राज्य गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर है। अपनी यात्रा के दौरान, वह गुजरात को कई सौगात देंगे। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज गुजरात दौरे के दूसरे दिन गांधीनगर-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस को गांधीनगर स्टेशन पर आज सुबह 10:30 बजे हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद पीएम मोदी सुबह 11:30 बजे अहमदाबाद मेट्रो रेल परियोजना को हरी झंडी दिखाएंगे और कालूपुर स्टेशन से दूरदर्शन केंद्र मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो में यात्रा करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उन्हें समर्पित करेंगे।
आज देश को तीसरी स्वदेश निर्मित हाई स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गांधीनगर से मुंबई सेंट्रल के बीच नए और उन्नत संस्करण वाले ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इस अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे राज्यमंत्री भी उपस्थित रहेंगे।
गुजरात में चलने वाली इस वंदे भारत ट्रेन में पहली बार KAVACH (Train Collision Avoidance System) तकनीक को लॉन्च किया जा रहा है। इस तकनीक की मदद से दो ट्रेनों की आमने-सामने से होने वाली टक्कर जैसी दुर्घटनाओं को रोका जा सकेगा। इस तकनीक को देश में ही विकसित किया गया है जिसके कारण इसकी लागत काफी कम है।
बता दें कि पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन 15 फरवरी, 2019 को नई दिल्ली-वाराणसी मार्ग पर चली थी। वहीं, दूसरी ट्रेन नई दिल्ली से श्री वैष्णो देवी माता, कटरा रूट पर चलाई गई थी। तीसरी वंदे भारत ट्रेन पहले की वंदे भारत ट्रेनों से अलग होगी। इस नई ट्रेन में यात्री सुविधाओं को देखते हुए कई तरह के परिवर्तन किए गए हैं। वंदे भारत एक्सप्रेस में कुल 1,128 यात्रियों के बैठने की क्षमता है। नई ट्रेन में कोविड को लेकर भी खास इंतजाम किए गए हैं।